उत्तराखंड में शहीद सैनिकों के परिवारों को परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा देने के लिए सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा है कि इस योजना का प्रस्ताव शीघ्र ही शासन को भेजा जाए।
सोमवार को देहरादून में कैंप कार्यालय में हुई सैनिक कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री जोशी ने बलिदान देने वाले सैनिकों की सूची तुरंत उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने शहीद सम्मान यात्रा के बाद यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि बलिदानियों को सम्मान देते हुए उनके परिवारों को हर संभव सहायता मिल सके।
शहीद द्वार और अन्य सुविधाएं
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि शहीद सैनिकों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि को बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया जाएगा। इसके साथ ही, सैनिकों और उनके परिवारों के लिए भोजन राशि को 225 रुपये किया जाएगा। चमोली, उत्तरकाशी, अल्मोड़ा, टिहरी और रुद्रप्रयाग में शहीद द्वार बनाने की योजना भी बनाई गई है। मंत्री गणेश जोशी ने सैन्य धाम के निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।



