देहरादून में प्रदेश के समस्त मेडिकल कॉलेजों के लिए नव नियुक्त 1232 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण किए गए। इसके साथ ही, दून मेडिकल कॉलेज में ₹26 करोड़ की लागत से नवनिर्मित सभागार का लोकार्पण भी किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।
मुख्यमंत्री ने नर्सिंग अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपनी मेहनत और लगन से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने उन्हें प्रेरित करते हुए कहा कि वे फ्लोरेंस नाइटिंगेल की तरह नर्सिंग क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करें।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पिछले तीन वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की गई हैं और भविष्य में भी सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए काम करती रहेगी।




