त्तराखंड राज्य को मिली 100×400 वर्ग फीट भूमि, महाकुंभ में समृद्ध संस्कृति की होगी झलक
प्रयागराज महाकुंभ-2025 में उत्तराखंड का अपना पवेलियन होगा। प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने उत्तराखंड राज्य को सेक्टर-7 कैलाशपुरी मार्ग, पूर्वी पटरी प्रयागराज में 100×400 वर्ग फीट भूमि निःशुल्क आवंटित की है, जहां उत्तराखंड का पंडाल सजने वाला है। इस पंडाल में मेलार्थियों को उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति की झलक मिलेगी। भूमि आवंटन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है।
महाकुंभ की तैयारियों के तेज़ी से आगे बढ़ने के साथ ही उत्तराखंड सरकार ने मेलार्थियों को सुविधाएं देने के लिए काम करना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री धामी ने यूपी सरकार से महाकुंभ के लिए उत्तराखंड के पंडाल के लिए भूमि आवंटन की मांग की थी, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पूरा किया गया। इस पंडाल में मेलार्थियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उत्तराखंड की संस्कृति की अनूठी झलक दिखाई देगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री धामी ने हाल ही में अधिकारियों के साथ एक बैठक में निर्देश दिए हैं कि प्रयागराज महाकुंभ में उत्तराखंड से जाने वाले साधु-संतों और अन्य लोगों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। राज्य सरकार महाकुंभ के दौरान परिवहन व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का भी ध्यान रखेगी।
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य और राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने देहरादून पहुंचकर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को महाकुंभ में विशेष रूप से आमंत्रित किया है।
मुख्यमंत्री का बयान:
“मां गंगा और यमुना का उद्गम क्षेत्र उत्तराखंड है और प्रयागराज इन दोनों पवित्र नदियों का संगम स्थल है। यह हमारे लिए अत्यंत गौरव की बात है कि महाकुंभ मेला यहां आयोजित हो रहा है। उत्तराखंड पूरी श्रद्धा के साथ इस महाकुंभ में भागीदारी करेगा और उत्तर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर इस आयोजन को सफल बनाएगा। यदि स्नान आदि के लिए अतिरिक्त जल की आवश्यकता पड़ी तो उत्तराखंड से अतिरिक्त जल छोड़ा जाएगा। इसके अलावा परिवहन व्यवस्था में भी पूरा सहयोग किया जाएगा।”


