उत्तराखंड सरकार ने चंपावत के लोहाघाट में प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण के लिए शासनादेश जारी कर दिया है। इस कॉलेज के निर्माण की घोषणा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहले एक कार्यक्रम में की थी।


शासनादेश जारी होने के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हिंदू नव वर्ष के पहले दिन और नवरात्रि के पहले दिन यह निर्णय प्रदेश भर की बालिका खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपहार है। खेल मंत्री ने कहा कि इस कॉलेज के संचालन से प्रदेश की लड़कियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने खेल कौशल को संवारने का अवसर मिलेगा।
रेखा आर्या ने उम्मीद जताई कि इस कॉलेज में आधुनिक स्पोर्ट्स साइंस तकनीकों का उपयोग होने से प्रदेश की बालिका खिलाड़ियों का प्रदर्शन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर होगा, और वे देवभूमि को खेल भूमि बनाने में अहम भूमिका निभा सकेंगी।
खेल मंत्री ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद यह कदम खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार का एक और महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाली लड़कियों की संख्या काफी बढ़ी है, लेकिन अब तक राज्य में लड़कियों के लिए समर्पित कोई बड़ा सरकारी स्पोर्ट्स संस्थान नहीं था। चंपावत में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज बनने से इस कमी को पूरा किया जाएगा।
रेखा आर्या ने शासनादेश जारी होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश की सभी महिला खिलाड़ियों को बधाई दी।



