कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य की विशेष उपस्थिति
हरिद्वार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से “मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना: सशक्त किशोरी, सशक्त समाज” के तहत किशोरी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान रेखा आर्य ने महालक्ष्मी किट को लेकर एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब बेटों के जन्म पर भी महालक्ष्मी किट प्रदान की जाएगी, जो पहले केवल बेटियों के लिए थी।

रेखा आर्य ने कहा कि उत्तराखंड में किशोरियों और महिलाओं के लिए कई जागरूकता कार्यक्रम चल रहे हैं। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत हरिद्वार में ब्लॉक स्तर पर किशोरी और महिलाओं के लिए स्वास्थ्य परामर्श क्लीनिक स्थापित किए गए हैं। किशोरी शक्ति योजना का उद्देश्य किशोरियों और महिलाओं को सशक्त बनाना है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों को समझ सकें और उन्हें पूरा कर सकें। इसके साथ ही, सबला योजना भी 11 से 18 साल की किशोरियों के सशक्तीकरण के लिए लागू की गई है।
यह अभियान संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित ‘किशोरी शक्ति’ थीम पर आधारित है, जिसमें किशोरियों और महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए डॉक्टर्स, डायटिशियन्स और नुक्कड़ नाटकों का सहारा लिया गया है।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि महालक्ष्मी किट को लेकर लंबे समय से जन मांग थी। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में हुई कैबिनेट बैठक में इस पर सहमति बनी है कि अब पहले दो प्रसवों में, चाहे बच्चा लड़का हो या लड़की, दोनों को महालक्ष्मी किट प्रदान की जाएगी।



