उत्तराखंड में सड़क हादसों की बढ़ती घटनाओं के बीच बुधवार सुबह हल्द्वानी में एक दर्दनाक दुर्घटना हुई। सुशीला तिवारी अस्पताल से किच्छा लौट रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर मंडी समिति गेट के पास नहर में गिर गई। इस हादसे में एक नवजात सहित एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार में हाल ही में जन्मे नवजात शिशु को अस्पताल से लेकर परिजन घर लौट रहे थे। सुबह लगभग 7 बजे हल्द्वानी मंडी समिति के पास तेज रफ्तार में चल रही कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और पास की कैनाल नहर में गिर गई। कार में सवार सभी लोग पानी में डूब गए।
इस दुर्घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुँची और त्वरित रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू के दौरान एक फायरकर्मी नहर के तेज बहाव में बहते-बहते बचा, लेकिन उसने बहादुरी दिखाते हुए कार चालक को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हादसे में महिला और कार चालक गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि महिला के पति, नवजात शिशु और दो अन्य परिजनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्थानीय प्रशासन ने घटना की पुष्टि करते हुए जांच शुरू कर दी है। हादसे की खबर से पूरे इलाके में शोक की लहर है।


