राजभवन में ‘भगीरथ उद्यान’ का लोकार्पण, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने की भव्य प्रतिमा का अनावरण

देहरादून: उत्तराखंड राजभवन परिसर में सोमवार को एक ऐतिहासिक पल दर्ज हुआ, जब राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से ‘‘भगीरथ उद्यान’’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने महान राजा भगीरथ की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया, जिसे देखने के लिए खासा उत्साह रहा।

10 फीट ऊंची प्रतिमा, 8 फीट ग्रेनाइट चबूतरे पर स्थापित

राजभवन परिसर में स्थापित यह प्रतिमा लगभग 10 फीट ऊँची है, जिसे 8 फीट ऊँचे ग्रेनाइट चबूतरे पर स्थापित किया गया है। इसे हरिद्वार के प्रख्यात कलाकार शिवम चौरसिया ने फाइबर और रेजिन से निर्मित किया है। प्रतिमा के आसपास विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए हैं, जो पूरे उद्यान को हरियाली और आध्यात्मिकता से परिपूर्ण बना रहे हैं।

राज्यपाल बोले– ‘‘जीवंत प्रेरणा-स्तंभ है यह प्रतिमा’’

उद्घाटन समारोह में राज्यपाल ले. जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि राजा भगीरथ की यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि एक जीवंत प्रेरणा-स्तंभ है। उन्होंने कहा, ‘‘यहाँ नक्षत्र, प्रकृति, मंदिर और पर्वत मिलकर उस दिव्य संकल्प का संदेश देते हैं कि जब ध्येय लोककल्याण हो, तो देवत्व और प्रकृति दोनों मार्ग प्रशस्त कर देते हैं।’’ उन्होंने इस उद्यान को तैयार करने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना भी की।

मुख्यमंत्री धामी बोले– ‘‘भगीरथ प्रयत्न ही महान लक्ष्यों की प्राप्ति का मार्ग’’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह प्रतिमा राजभवन आने वाले हर नागरिक और अतिथि को कर्तव्यनिष्ठा, लोककल्याण और भारतीय संस्कृति का संदेश देती रहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रतिमा हमें सदा स्मरण कराएगी कि ‘भगीरथ प्रयत्न’ ही महान लक्ष्यों की प्राप्ति का सच्चा मार्ग है।’’

उद्घाटन से पहले मंदिर में पूजा-अर्चना

उद्घाटन से पूर्व राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राजभवन स्थित राजप्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की और देश एवं प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

समारोह में शामिल रहे अनेक गणमान्य

इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल कुमार किशोर, अपर सचिव रीना जोशी, अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, अपर सचिव लो.नि.वि. विनीत कुमार, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंडया, उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र शास्त्री, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, सहायक अभियंता लो.नि.वि. विजय धस्माना, उद्यान अधिकारी दीपक पुरोहित सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

spot_img
posjp33 posjp33 posjp33