बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने का आरोप, आहत लोगों से मांगी क्षमा
देहरादून | 01 जनवरी 2026
गिरधारी लाल शाहू ने देशवासियों को नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए स्पष्ट किया कि देश की समस्त बहन-बेटियाँ उनके लिए समान रूप से सम्माननीय हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में सोमेश्वर विधानसभा के दौलाघट क्षेत्र में आयोजित माताओं-बहनों एवं बुजुर्गों के स्वागत समारोह में वे मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल के आमंत्रण पर शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में हास्य के रूप में अपने एक मित्र की शादी का उल्लेख किया था, जिसे उनके विरोधियों और कांग्रेस पार्टी द्वारा तोड़-मरोड़कर और गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरधारी लाल शाहू ने कहा कि बेटियों के सम्मान को लेकर उनकी प्रतिबद्धता किसी से छिपी नहीं है। वे प्रतिवर्ष बरेली में श्री रामलीला के अवसर पर 101 निर्धन बेटियों का विवाह कराते हैं और लंबे समय से अपनी श्रद्धा के अनुसार इन विवाहों में सहयोग करते आ रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सोमेश्वर विधानसभा सहित पूरे प्रदेश और देश की बेटियों का देवी स्वरूप में सम्मान करते हैं। साथ ही आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधी उनके वक्तव्य को गलत तरीके से पेश कर राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि यदि उनके किसी कथन से किसी व्यक्ति को ठेस पहुंची हो या बुरा लगा हो, तो वे हाथ जोड़कर सभी से क्षमा मांगते हैं।



