देहरादून। केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को 480 मेगावाट अतिरिक्त बिजली का आवंटन किया है, जिससे प्रदेशवासियों को शीतकाल में भी निर्बाध बिजली मिलेगी। इस अतिरिक्त कोटे को 30 जून 2025 तक बढ़ाया गया है। पहले चरण में, 26 सितंबर को 300 मेगावाट बिजली आवंटित की गई थी, और अब इसकी कुल मात्रा 480 मेगावाट हो गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री की सक्रिय पहल से मिली राहत
मुख्यमंत्री धामी ने केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से मुलाकात कर राज्य में बढ़ती बिजली की मांग और उपलब्धता के अंतर को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए राज्य सरकार सौर ऊर्जा, हाइड्रो पावर, और कोयले से बिजली उत्पादन के लिए दीर्घकालिक योजनाओं पर काम कर रही है।
बर्फबारी और अन्य कारणों से जल विद्युत परियोजनाओं के उत्पादन में गिरावट के चलते शीतकाल में बिजली सप्लाई पर असर पड़ता है। अब केंद्रीय पूल से मिलने वाले इस अतिरिक्त कोटे के माध्यम से उपभोक्ताओं को शीतकाल में भी निर्बाध बिजली मिलेगी।
प्रधानमंत्री और ऊर्जा मंत्री का आभार
मुख्यमंत्री ने कहा, “केंद्रीय पूल से 480 मेगावाट बिजली मिलने से प्रदेशवासियों को शीतकाल में भी बिजली निर्बाध मिलती रहेगी।”



