चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 25 दिनों में 12.60 लाख श्रद्धालु पहुंचे

देहरादून।

चारधाम यात्रा 2026 इस वर्ष नए कीर्तिमान की ओर तेजी से बढ़ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। यात्रा शुरू होने के महज 25 दिनों के भीतर ही चारधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 12 लाख 60 हजार के पार पहुंच गई है। विशेष रूप से केदारनाथ धाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जहां 22 दिनों में ही 5 लाख 23 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।

प्रदेश सरकार के अनुसार 19 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा में 13 मई तक कुल 12,60,478 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। इनमें केदारनाथ धाम में 5,23,582, बद्रीनाथ धाम में 3,24,081, गंगोत्री धाम में 2,05,425 और यमुनोत्री धाम में 2,07,390 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।

बुधवार को एक ही दिन में 80 हजार 401 श्रद्धालुओं ने चारों धामों में दर्शन किए। सबसे अधिक 32,423 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे। वहीं बद्रीनाथ में 21,260, यमुनोत्री में 13,403 और गंगोत्री में 13,315 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। लगातार बढ़ती संख्या यह दर्शा रही है कि चारधाम यात्रा को लेकर देश-विदेश के श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह बना हुआ है।

कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और ऊंचाई वाले हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद केदारनाथ यात्रा लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ धाम में हुए पुनर्निर्माण कार्यों और राज्य सरकार द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाए जाने से श्रद्धालुओं का भरोसा और मजबूत हुआ है।

प्रदेश सरकार यात्रा प्रबंधन को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मौसम प्रतिकूल होने की स्थिति में भी श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की लगातार निगरानी की जा रही है और विशेष निगरानी तंत्र सक्रिय रखा गया है।

सरकार के अनुसार यात्रा को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्लॉट प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण प्रणाली और रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। पैदल यात्रा मार्गों को भी बेहतर बनाया गया है, जिससे श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुगम हुई है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022 से 2025 तक बीते चार वर्षों में कुल 69 लाख 45 हजार 487 श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। इनमें वर्ष 2022 में 15,64,248, वर्ष 2023 में 19,58,863, वर्ष 2024 में 16,53,581 और वर्ष 2025 में 17,68,795 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए थे। इस वर्ष भी रिकॉर्ड संख्या में यात्रियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए सभी व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है और हर परिस्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

spot_img
posjp33 posjp33 posjp33