मंगलवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर, मुख्यमंत्री ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री को बधाई दी, यह कहते हुए कि यह जीत प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आम जन के विश्वास को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को केदारनाथ मंदिर की प्रतिकृति और बाबा केदारनाथ जी का प्रसाद भी भेंट किया। उन्होंने उत्तराखंड के विकास में निरंतर मिल रहे प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञ समिति-2 द्वारा संस्तुत 21 जल परियोजनाओं (कुल क्षमता 2123 MW) के विकास एवं निर्माण की अनुमति प्रदान किए जाने का अनुरोध किया। इसके साथ ही, उन्होंने तीन महत्वपूर्ण रोपवे परियोजनाओं—सोनप्रयाग-गौरीकुंड केदारनाथ, गोविंद घाट-हेमकुंड साहिब और काठगोदाम-नैनीताल—को राज्य सरकार द्वारा विकास और संचालन के लिए हस्तांतरित करने की भी मांग की।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने भारत सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (RCS) के तहत देहरादून-गौचर-देहरादून और देहरादून-चिन्यालीसौंड-देहरादून की हवाई सेवा पुनः संचालित करने के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय से निर्देशित करने का आग्रह किया।
आदि कैलाश जनपद पिथौरागढ़ को एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल बताते हुए, उन्होंने उडान योजना (UDAN) के अंतर्गत “आदि कैलाश” के लिए हवाई सेवा प्रारंभ करने और चिन्यालीसौंड हवाई पट्टी जनपद उत्तरकाशी पर छोटे विमान संचालन की अनुमति देने के लिए संबंधित मंत्रालय से दिशा-निर्देश का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कुमाऊँ एवं गढ़वाल को संयोजित करने के लिए 02 मार्गों—खैरना-रानीखेत-बंगीधार-बैजरों मोटरमार्ग (256.9 किमी) और काठगोदाम-भीमताल लोहाघाट-पंचेश्वर मोटर मार्ग (189 किमी)—को राष्ट्रीय राजमार्ग अधिसूचित करने का भी अनुरोध किया। इसके साथ ही, देहरादून रिंग रोड की अवशेष लंबाई की स्वीकृति का भी अनुरोध किया।



