डोईवाला पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई स्कूटी और दो अवैध तमंचे बरामद किए
देहरादून: उत्तराखंड की डोईवाला पुलिस ने वाहन लूट की एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्कूटी और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और पहले भी चोरी व लूट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
तमंचा दिखाकर लूट ली थी स्कूटी
पुलिस के मुताबिक, रमनदीप सिंह (निवासी ग्रेवाल ग्रीन व्यू, ऋषिकेश रोड, डोईवाला) ने डोईवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि बीते 27 जुलाई को जब वह अपनी स्कूटी से डोईवाला की ओर आ रहे थे, तभी सीमेंट फैक्ट्री के पास सौंग नदी के नजदीक कुछ अज्ञात बदमाशों ने उन्हें तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उनकी स्कूटी छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों के बारे में पुख्ता जानकारी जुटाने के बाद पुलिस को एक अहम सुराग मिला। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने बीती रात पुरानी घमंडपुर रोड, जौलीग्रांट (डोईवाला) से दोनों आरोपियों को लूटी गई स्कूटी और हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
नशे की लत पूरी करने के लिए करते थे वारदात
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्षदीप सिंह (पुत्र सिंदर सिंह, निवासी दादूपुर, मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) और अंकित कुमार (पुत्र संतरपाल, निवासी ग्राम अब्दीपुर, खानपुर, हरिद्वार) के रूप में हुई है। आरोपियों ने कुबूल किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी इस लत को पूरा करने के लिए पैसे जुटाने की खातिर उन्होंने इस लूट को अंजाम दिया था।
आरोपियों ने यह भी बताया कि इस वारदात में शामिल उनका एक अन्य साथी कुछ दिन पहले ही हरिद्वार पुलिस द्वारा अवैध हथियार के साथ पकड़ा जा चुका है और फिलहाल जेल में है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।


