सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया अपना जन्मदिन, गाना सुनकर हुए भावुक

देहरादून के एनआईबीएच संस्थान पहुंचकर मुख्यमंत्री ने काटा केक, बच्चों को बताया जीवन की असली प्रेरणा

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपना जन्मदिन देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (एनआईबीएच) के बच्चों के बीच मनाया। इस खास अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और खुशियां साझा कीं। संस्थान के बच्चों ने जब सीएम धामी के लिए जन्मदिन का विशेष गीत गाया, तो मुख्यमंत्री बेहद भावुक नजर आए।

बच्चों के साथ बिताया समय, किया संवाद

जन्मदिन के मौके पर मुख्यमंत्री धामी के साथ उनकी पत्नी गीता धामी भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों के पास जाकर उनसे सीधे बातचीत की, उनका हौसला बढ़ाया और उनके साथ काफी वक्त बिताया। सीएम को अपने बीच पाकर बच्चे भी बेहद खुश और उत्साहित नजर आए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया हर एक पल जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा से भर देता है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे में अद्भुत प्रतिभा और संभावनाएं छुपी होती हैं, जरूरत बस उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और भरोसा देने की है।

दिव्यांगजन सशक्तिकरण पूरे समाज की जिम्मेदारी: सीएम

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने दिव्यांगजनों के कल्याण पर जोर देते हुए कहा, “दिव्यांगजन का सशक्तिकरण सिर्फ सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मजबूत इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयासों से जिंदगी की बड़ी से बड़ी चुनौती को पार किया जा सकता है।”

उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें पूरे उत्साह के साथ अपने लक्ष्यों की तरफ कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। सीएम ने कहा कि समाज के हर व्यक्ति को आगे बढ़ने का समान अवसर और सम्मान मिलना जरूरी है। बच्चों के चेहरों की यह मुस्कान ही उनके जन्मदिन का सबसे अनमोल तोहफा है।

‘सहानुभूति नहीं, बच्चों को सक्षम बनाना हमारा लक्ष्य’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए सीएम धामी ने कहा कि केंद्र सरकार ने दिव्यांग बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं बनाई हैं। इन बच्चों को सिर्फ सहानुभूति की जरूरत नहीं है, बल्कि हमारा प्रयास इन्हें हर क्षेत्र में पूरी तरह सक्षम बनाना है। आज देश-प्रदेश के दिव्यांग बच्चे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रदेश के युवा आज के इस विशेष दिन को ‘युवा संकल्प दिवस’ के रूप में मना रहे हैं।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

spot_img
posjp33 posjp33 posjp33