गुरुद्वारा परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम धामी, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में सीएम धामी ने टेका मत्था
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत नानकमत्ता पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेका और राज्य की खुशहाली, शांति व सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। दर्शन के पश्चात मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा परिसर में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में हिस्सा लिया और स्वयं झाड़ू उठाकर श्रमदान किया।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। कमेटी के पदाधिकारियों ने उन्हें सरोपा और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान सीएम ने गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं और वहां की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण भी किया।
धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर जोर
स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि साफ-सफाई केवल किसी एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन राज्य है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। ऐसे में धार्मिक स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों और सरकारी दफ्तरों की स्वच्छता बनाए रखना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर से राज्य भर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए जनभागीदारी, सेवा और संवाद के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा न फैलाएं और सफाई को जनआंदोलन बनाएं।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार जोगेंद्र सिंह और महासचिव सरदार अमरजीत सिंह बोपराय मौजूद रहे। साथ ही जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति और मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित थे।
