spot_img

देहरादून के रायपुर में ₹300 के विवाद में ट्रिपल मर्डर: प्लंबर ने बुजुर्ग दंपति समेत तीन की पेचकस से गोदकर की हत्या

विष्णुलोक कॉलोनी की खौफनाक वारदात, प्लंबिंग के पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने दिया घटना को अंजाम

देहरादून: राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में हुए तिहरे हत्याकांड (ट्रिपल मर्डर) के पीछे एक बेहद हैरान कर देने वाला कारण सामने आया है। मजदूरी के महज 300 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में प्लंबर ने पेचकस से गोदकर बुजुर्ग दंपति और उनकी पूर्व घरेलू सहायिका की नृशंस हत्या कर दी। पुलिस हिरासत में आरोपी ने इस पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है।

मजदूरी के पैसों को लेकर शुरू हुआ था विवाद

पुलिस पूछताछ के दौरान पकड़े गए आरोपी राजकुमार ने बताया कि वह मकान मालिक के घर प्लंबिंग का काम करने आया था। काम खत्म होने के बाद उसने अपनी मजदूरी के रूप में 600 रुपये की मांग की। हालांकि, मकान मालिक ने 300 रुपये देने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और विवाद शुरू हो गया।

गुस्से में लौटा और पेचकस से किए ताबड़तोड़ वार

घटना दोपहर के समय की बताई जा रही है। पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद प्लंबर राजकुमार गुस्से में रमेश कपूर (80 वर्ष) और उनकी पत्नी रजनी कपूर (75 वर्ष) के घर से बाहर निकल गया। कुछ ही देर बाद वह वापस लौटा और अपने साथ लाए पेचकस से बुजुर्ग दंपति पर हमला कर दिया। उसने दोनों पर पेचकस से कई वार कर उन्हें गंभीर रूप से लहूलुहान कर दिया।

इसी दौरान चीख-पुकार और शोर सुनकर पास ही काम कर रही तिलया देवी उर्फ शीला (48 वर्ष) मौके पर पहुंच गई। तिलया देवी पूर्व में कपूर दंपति के घर पर काम कर चुकी थी। बीच-बचाव और घटना देखने पर आरोपी राजकुमार ने शीला के पेट में भी पेचकस से कई वार कर दिए और उसे भी गंभीर रूप से घायल कर वहां से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने आरोपी को दबोचा, अस्पताल में तीनों ने तोड़ा दम

वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी को पड़ोसियों ने कुछ ही दूरी पर दौड़कर पकड़ लिया। जब पड़ोसी उसे गाड़ी में बैठाकर घटनास्थल पर वापस लाए, तो वहां हर तरफ खून बिखरा हुआ था और तीनों लोग मरणासन्न हालत में पड़े थे। स्थानीय निवासियों ने तुरंत गाड़ियों के जरिए तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोपी ने बेहद बेरहमी से इस ट्रिपल मर्डर को अंजाम दिया।

बिजनौर का रहने वाला है आरोपी, सोने की चेन बरामद

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राजकुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का निवासी है और फिलहाल देहरादून के इंद्रेश नगर में रह रहा था। वह प्लंबिंग का काम करता है और रमेश कपूर के घर पहले भी काम के सिलसिले में आता-जाता रहता था। मंगलवार को भी बुजुर्ग दंपति ने उसे प्लंबिंग का काम कराने के लिए अपने घर बुलाया था।

हत्याकांड के बाद मौके से भागते समय आरोपी एक सोने की चेन भी लूटकर ले जा रहा था, जिसे पड़ोसियों ने उसे पकड़ते वक्त बरामद कर लिया। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि इस मोबाइल के जरिए डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की अग्रिम कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

spot_img

Related Articles

spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

posjp33 posjp33 posjp33