उत्तराखंड राज्योत्सव के दौरान ऊर्जा, पेयजल, बुनियादी ढांचे और पर्यटन से जुड़ी दर्जनों योजनाओं की मिली सौगात
उत्तराखंड राज्योत्सव कार्यक्रम (6 से 13 नवंबर) के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संयुक्त रूप से प्रदेश के विकास को रफ्तार देने वाली ₹1475.31 करोड़ की कुल 62 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें से ₹1073.11 करोड़ की लागत वाली 44 नई योजनाओं की आधारशिला रखी गई, जबकि ₹402.20 करोड़ की 18 पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का जनता को समर्पण किया गया।
ऊर्जा और पेयजल क्षेत्र को मिले बड़े बजट
प्रदेश में बिजली और पानी से जुड़े बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए बड़े पैमाने पर धनराशि मंजूर की गई है। ऊर्जा विभाग की यूपीसीएल से संबंधित ₹472.33 करोड़ की 20 योजनाओं की नींव रखी गई, जबकि ₹77.93 करोड़ की 3 परियोजनाओं का उद्घाटन हुआ।
वहीं पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पेयजल निगम की ₹191.17 करोड़ की 8 परियोजनाओं का शिलान्यास और ₹82.03 करोड़ की 5 योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इसके अतिरिक्त जल संस्थान की ₹62.30 करोड़ की 2 नई योजनाओं का कार्य भी शुरू किया गया है।
परेड ग्राउंड, देहरादून में “उत्तराखंड राज्योत्सव” कार्यक्रम के अवसर पर आदरणीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी ने ₹1,475.31 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। https://t.co/WlooEKu13E
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 6, 2026
कुंभ 2027 की तैयारियां और बुनियादी ढांचा
लोक निर्माण विभाग के तहत ₹99.68 करोड़ की 3 योजनाओं का लोकार्पण और ₹18.78 करोड़ की 1 योजना का शिलान्यास संपन्न हुआ। शहरी विकास विभाग की ओर से ₹92.25 करोड़ की 4 योजनाओं का शिलान्यास व ₹10.95 करोड़ की 1 योजना का उद्घाटन किया गया, जिनमें वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले महाकुंभ से जुड़े सड़क और पुल निर्माण कार्य भी शामिल हैं।
पर्यटन, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़े प्रमुख कार्य
गृह विभाग के अंतर्गत देहरादून में ₹31.63 करोड़ की लागत से बनने वाले साइबर एक्सीलेंस सेंटर तथा हल्द्वानी में ₹36.64 करोड़ से बनने वाले फायर स्टेशन के आवासीय परिसरों का शिलान्यास किया गया। पर्यटन संवर्धन के तहत ₹43.70 करोड़ की 2 परियोजनाओं की नींव रखी गई, जिनमें टिहरी में डोबरा-चांठी पार्क तथा श्री हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना के लिए विद्युत लाइनें बिछाने का काम शामिल है।
तकनीकी और उच्च शिक्षा में प्रगति के लिए नई टिहरी पॉलिटेक्निक के निर्माण समेत ₹61.98 करोड़ के 3 कार्यों का लोकार्पण तथा ₹35.06 करोड़ के 1 कार्य का शिलान्यास हुआ। अगस्त्यमुनि पीजी कॉलेज में पीजी ब्लॉक निर्माण के लिए ₹19.01 करोड़ मंजूर किए गए।
डेयरी, चिकित्सा और अन्य विकास परियोजनाएं
डेयरी उद्योग को मजबूती देने के लिए सितारगंज में मिल्क पाउडर, आइसक्रीम प्लांट और बेकरी इकाई की स्थापना हेतु ₹48.21 करोड़ की योजना का शिलान्यास किया गया। चिकित्सा शिक्षा विभाग की ₹57.15 करोड़ की 2 परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ। आवास विभाग की ₹10.59 करोड़ की योजना का शिलान्यास और ₹12.48 करोड़ का लोकार्पण किया गया, वहीं गन्ना विकास विभाग की ₹11.44 करोड़ की योजना की आधारशिला भी रखी गई।





