देहरादून। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एएनएम) के कुल 391 रिक्त पदों पर अंतिम परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। चयन बोर्ड ने 352 योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया है, जबकि 31 पदों पर चयन परिणाम पर उच्च न्यायालय में दायर की गई रिट याचिका के चलते रोक लगा दी गई है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। डॉ. रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 18 जनवरी 2024 को 391 रिक्त पदों को भरने के लिए चयन बोर्ड को अधियाचन भेजा था, जिसके बाद बोर्ड ने 1 फरवरी 2024 को विज्ञापन जारी किया था।
इसके बाद, प्राप्त आवेदनों के आधार पर 18 से 30 सितंबर 2024 तक अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई और अब बोर्ड ने अंतिम परीक्षा परिणाम घोषित किया है। डॉ. रावत ने बताया कि चयनित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को राज्य के तेरह जनपदों में तैनाती दी गई है, जिनमें अल्मोड़ा में 37, बागेश्वर में 13, चमोली में 29, चम्पावत में 13, देहरादून में 51, हरिद्वार में 8, नैनीताल में 38, पौड़ी में 57, पिथौरागढ़ में 23, रुद्रप्रयाग में 6, टिहरी में 27, ऊधमसिंह नगर में 36 और उत्तरकाशी में 14 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को तैनाती दी जाएगी।
चयनित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को शीघ्र ही राज्य के विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में तैनात किया जाएगा। डॉ. रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन नवनियुक्त एएनएम को जल्द से जल्द तैनाती दी जाए ताकि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाया जा सके।
डॉ. रावत ने कहा कि एएनएम की नियुक्ति से राज्य में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।



