24 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए हैं।
राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों और यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मंत्री रावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन ब्लॉकों में उप जिला चिकित्सालय स्थापित किए जाने हैं, उनकी डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) शीघ्र तैयार कर शासन को प्रस्तुत की जाए, ताकि निर्माण कार्य समय पर आरंभ हो सके।
पर्वतीय क्षेत्रों के लिए 632 नई भर्ती
बैठक में रावत ने पर्वतीय क्षेत्रों और चारधाम यात्रा मार्गों पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। उन्होंने छोटे चिकित्सा इकाइयों को उप जिला चिकित्सालयों में अपग्रेड करने की योजना का भी उल्लेख किया। मंत्री ने एक दर्जन प्रस्तावित उप जिला चिकित्सालयों की डीपीआर जल्द से जल्द शासन को भेजने के लिए कहा, ताकि धनराशि जारी की जा सके।
इससे जुड़े भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए हैं। एएनएम, सीएचओ और नर्सिंग अधिकारियों के 632 पदों को भरा जाएगा। इसमें 44 नर्सिंग अधिकारियों और 197 सीएचओ पदों को वेटिंग लिस्ट से भरा जाएगा, जबकि एएनएम के 391 पद मेरिट सूची के आधार पर भरे जाएंगे।

मंत्री रावत के इन प्रयासों से प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।



