जम्मू। खराब मौसम के चलते गुरुवार को अमरनाथ यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। प्रशासन ने जम्मू के यात्री निवास से श्रद्धालुओं के जत्थे को रवाना नहीं किया। अब श्रद्धालुओं को मौसम अनुकूल होने का इंतजार करना होगा। सूत्रों के अनुसार, खराब मौसम के कारण रास्तों के बंद होने की आशंका है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया।
अब तक प्रशासन द्वारा 15 जत्थों को सफलता पूर्वक रवाना किया जा चुका है। यदि मौसम शुक्रवार को अनुकूल रहा, तो यात्रा पुनः शुरू की जाएगी। बालटाल रूट से भी गुरुवार को कोई जत्था नहीं रवाना किया गया।
भूस्खलन में महिला श्रद्धालु की मौत, नौ घायल
बुधवार शाम को अमरनाथ यात्रा मार्ग पर एक दुखद हादसा हुआ। रेलपथरी के पास जेड मोड़ पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिसमें 55 वर्षीय सोना बाई नामक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई। वह राजस्थान की रहने वाली थीं।
हादसे में करीब नौ यात्री घायल हुए हैं, जबकि एक श्रद्धालु लापता है। घायलों का इलाज बालटाल बेस कैंप में बनाए गए अस्पताल में किया जा रहा है। लापता यात्री की तलाश के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
बारिश के बीच भी दिखा श्रद्धालुओं में उत्साह
बुधवार को बारिश के बावजूद यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भारी बारिश के बीच रेलपथरी के पास पहाड़ी से बड़ी चट्टानें गिरने से यह हादसा हुआ। सोना बाई को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रशासन और चिकित्सा टीमें तत्काल हरकत में आईं और घायलों को समय पर उपचार मुहैया कराया गया। मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे की यात्रा को लेकर निर्णय मौसम के अनुसार लिया जाएगा।



