मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना और खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 मार्च से शुरू हो रहे हैं। मंगलवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने इस संबंध में जानकारी दी।

खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना में 8 से 14 वर्ष तक के बच्चों का चयन किया जाएगा। इस योजना के तहत प्रदेश के प्रत्येक जनपद से 150 बालक और 150 बालिका खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इन खिलाड़ियों का चयन छह आयु वर्गों में किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक आयु वर्ग से जनपदवार 25-25 बच्चों का चयन किया जाएगा। चयनित बच्चों को प्रति माह ₹1500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी, ताकि वे अपने खेल के अभ्यास को निरंतर जारी रख सकें।
साथ ही, 14 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के लिए खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के आवेदन भी 15 मार्च से शुरू होंगे। इस योजना में चयनित खिलाड़ियों को ₹2000 प्रति माह की सहायता दी जाएगी। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि आवेदन 31 मार्च तक किए जा सकते हैं। खिलाड़ियों का चयन बैटरी टेस्ट के आधार पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लिए चयन प्रक्रिया 1 से 15 अप्रैल तक होगी, जबकि खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के लिए चयन प्रक्रिया 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगी।
ऑनलाइन आवेदन के लिए वेबसाइट: www.khelouk.in



