देहरादून। तेलंगाना में पंच केदार और बदरीनाथ धाम की प्रतिकृति के रूप में बनाए जा रहे मंदिरों पर बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने कड़ा रुख अपनाया है। बीकेटीसी ने श्री दक्षिणेश्वर केदारनाथ मंदिर ट्रस्ट और उत्तराखंड कल्याणकारी संस्था को नोटिस जारी करते हुए 15 दिन के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया है।
क्या है मामला?
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि श्री दक्षिणेश्वर केदारनाथ मंदिर ट्रस्ट तेलंगाना में पंच केदार मंदिर का निर्माण कर रहा है। प्रचार सामग्री में केदारनाथ धाम की तस्वीरों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सनातन धर्मावलंबियों की आस्था को ठेस पहुंची है।
इसके अलावा, उत्तराखंड कल्याणकारी संस्था द्वारा तेलंगाना में बनाए जा रहे बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह और संरचना को पूरी तरह बदरीनाथ धाम की प्रतिकृति के रूप में तैयार किया जा रहा है। बीकेटीसी ने इसे धार्मिक मान्यताओं और भावनाओं के खिलाफ बताते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
नोटिस का मुख्य बिंदु:
- बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के नाम और तस्वीरों का उपयोग धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला।
- मंदिर संरचनाओं को मूल धामों की प्रतिकृति के रूप में तैयार करना सनातन आस्थाओं के खिलाफ।
- 15 दिन में जवाब न देने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बीकेटीसी ने कहा कि बदरी-केदार धाम सनातन धर्मावलंबियों के लिए अत्यंत पवित्र हैं। इनके नाम और स्वरूप का दुरुपयोग अस्वीकार्य है।



