गढ़वाल कमिश्नर ने की यात्रियों से अपील – मौसम सामान्य होने पर ही पुनः शुरू होगी यात्रा
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए सरकार ने चारधाम और हेमकुंट साहिब यात्रा को 5 सितंबर 2025 तक के लिए स्थगित कर दिया है।
गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने बताया कि बारिश के कारण प्रदेश में कई स्थानों पर भूस्खलन और मलबा आने से मार्ग बाधित हो रहे हैं। सरकार इन्हें प्राथमिकता पर खोलने का कार्य कर रही है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल यात्रा को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि प्रतिकूल मौसम को देखते हुए यात्रा मार्गों पर प्रस्थान न करें और प्रशासन द्वारा जारी परामर्श का पालन करें। मौसम सामान्य होने और मार्ग सुरक्षित पाए जाने पर ही यात्राओं को पुनः प्रारंभ किया जाएगा।
सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा सड़क मार्गों की निगरानी, सफाई और यात्रियों की सुरक्षा हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे धैर्य और संयम बनाए रखें तथा अद्यतन जानकारी के लिए प्रशासनिक नियंत्रण कक्ष से संपर्क करते रहें।



