56 करोड़ की लागत से सतपुली झील का निर्माण होगा, स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पौड़ी जिले के सतपुली में आयोजित कार्यक्रम में पूर्वी नयार नदी में बनने वाली बहुउद्देशीय सतपुली झील का शिलान्यास किया। साथ ही लगभग 172 करोड़ 65 लाख की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया। इन योजनाओं में 123 करोड़ 53 लाख की 04 योजनाओं का शिलान्यास और 49 करोड़ 12 लाख की 20 योजनाओं का लोकार्पण शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की। उन्होंने विकासखण्ड बीरोंखाल के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज भरोली खाल और बीरोंखाल में नवीन भवन निर्माण, विकासखण्ड एकेश्वर और कल्जीखाल के मध्य नयार पाटीसैण व असवालस्यूँ के मध्य पश्चिमी नयार नदी पर मोटर पुल निर्माण, एकेश्वर मुख्यालय में मिनी स्टेडियम निर्माण, रवांसा नदी पर निर्मित पीपलडोंगा पुल से 500 मीटर ऊपर बैराज निर्माण और ताड़केश्वर महादेव में पुलिस चौकी स्थापना की घोषणाएं की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की योजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। सतपुली झील का निर्माण क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा और इस योजना के शुरू होने से यह दृष्टिकोण साकार हो रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में सड़क, हवाई कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास किया जा रहा है। साथ ही, पर्यटन क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पलायन जैसी समस्या को समाप्त करने के लिए सरकार द्वारा निरंतर काम किए जाने की बात कही और कहा कि सरकार स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ ही स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य की मातृशक्ति आज बड़े-बड़े उत्पाद तैयार कर रही है, जिनकी मांग विदेशों तक हो रही है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सांस्कृतिक मूल्यों को बचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी जिक्र किया और बताया कि 5000 एकड़ से अधिक भूमि से अतिक्रमण हटाया गया है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल की विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र अंथवाल, विधायक दिलीप महंत, जिलाध्यक्ष सुषमा रावत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह सहित कई अन्य नेता और अधिकारी उपस्थित थे।



