देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर खाद्य संरक्षा एवं औषधि नियंत्रक विभाग ने उत्तराखण्ड में देशी घी और मक्खन में मिलावट पर रोक लगाने के लिए प्रदेशव्यापी छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है।

इस अभियान के तहत सभी जनपदों में मिठाई की दुकानों और घी-मक्खन बेचने वालों की दुकानों पर सैंपल एकत्र किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने कहा कि मिलावटी उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गढ़वाल और कुमाऊँ मंडल में भी व्यापक छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने कई नामी कंपनियों के घी और मक्खन के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि देवभूमि में मिलावटखोरी को समाप्त किया जा सके।



