प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत उत्तराखंड में पिछले एक साल में 814 किमी लंबी नई सड़कों का निर्माण किया गया है। इस प्रगति को देखते हुए भारत सरकार ने योजना के तीसरे चरण में स्वीकृत नौ पुलों के निर्माण के लिए 40.77 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में उत्तराखंड में पीएमजीएसवाई योजना के तहत 900 करोड़ रुपये का वित्तीय लक्ष्य रखा गया था, जबकि राज्य ने लगभग 933 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जो पिछले वर्ष (2023-24) के मुकाबले 133 करोड़ रुपये अधिक है। इसके अतिरिक्त, 2024-25 में 814 किमी सड़कों का निर्माण किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 206 किमी अधिक है।
इस दौरान, भारत सरकार ने पीएमजीएसवाई-3 के तहत 9 सेतुओं के निर्माण के लिए बजट स्वीकृत किया, जिससे राज्य में सड़क निर्माण कार्यों को और गति मिलेगी।
साथ ही, विभाग ने पीएमजीएसवाई-4 के तहत 1490 सड़क विहीन बसावटों की पहचान की है और पहले चरण में लगभग 8500 किमी सड़कों के निर्माण का सर्वेक्षण पूरा किया है। इस कार्य के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) पर काम भी शुरू हो गया है।
योजना के कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग ने एक विशेष निरीक्षण एप भी तैयार किया है, जिससे फील्ड अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षणों को समय-समय पर अंकित किया जाता है। इस एप के माध्यम से उच्चाधिकारियों के लिए गुणवत्ता की निगरानी आसान हो गई है, और भारत सरकार ने इस पहल की सराहना करते हुए अन्य राज्यों को इसे अपनाने की सलाह दी है।
उल्लेखनीय है कि 2000 में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की शुरुआत के बाद, अब तक न्यूनतम 500 की आबादी वाले गांवों को सड़कों से जोड़ने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है।



