38वें राष्ट्रीय खेलों के शानदार समापन के लिए गोलापार स्टेडियम पूरी तरह से तैयार हो गया है। समापन समारोह शुरू होने से ठीक 24 घंटे पहले, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने स्टेडियम का निरीक्षण किया और तैयारियों को अंतिम रूप दिया। समापन समारोह के लिए लगभग 15,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
निरीक्षण के बाद खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा, “हमारे सभी मेहमानों ने माना है कि यह अब तक के सबसे भव्य राष्ट्रीय खेल हैं, और हम इन्हें शानदार तरीके से समाप्त करने जा रहे हैं।” खेल मंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने इन खेलों में अपने पुराने रिकॉर्ड तोड़कर नए मानक स्थापित किए हैं, जिससे समापन समारोह की खूबसूरती और बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि समापन समारोह में सभी पदक विजेताओं को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा, उन खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अपने इवेंट्स में पुराने राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ा है। खेल मंत्री ने यह भी कहा कि समापन समारोह में उत्तराखंड के पारंपरिक योगासन का विशेष प्रदर्शन किया जाएगा।
इस मौके पर मुख्यमंत्री और खेल मंत्री ने फेंसिंग के पदक विजेताओं को मेडल पहनाकर उन्हें सम्मानित किया।




