होली पर हुड़दंग मचाया तो होगी सीधी कार्रवाई, एसएसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

रुद्रपुर में होली को लेकर पुलिस ने तमाम जगहों पर फ्लैग मार्च निकाला. एसएसपी ने हुड़दंग मचाने वाले पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.

रुद्रपुर: होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया. हुड़दंग करने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.

होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन पर जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च आयोजित किया गया. इस दौरान भारी पुलिस बल की तैनाती की गई और प्रमुख बाजारों, चौराहों, संवेदनशील स्थानों तथा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में गहन गश्त की गई.

फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखना, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय स्थापित करना रहा. पुलिस बल ने पैदल मार्च और वाहन रैली के माध्यम से विभिन्न मोहल्लों, गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों से गुजरते हुए आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया. साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे होली के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें.

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि होली पर हुड़दंग करने वालों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों तथा किसी भी प्रकार से शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि त्यौहार की आड़ में किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर विशेष चौकसी बरती जा रही है.

होली पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस लाइन रुद्रपुर में पूजा-अर्चना कर होलिका दहन किया और सभी को आपसी भेदभाव भुलाकर प्रेम और भाईचारे के साथ होली मनाने का संदेश दिया.कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

बता दें कि होली से ठीक पहले उत्तराखंड के जिले के बाजार इन दिनों पूरी तरह रंगों से सराबोर नजर आए. जिले के काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर और सितारगंज समेत विभिन्न कस्बों में दुकानों पर रंग-बिरंगे गुलाल और आकर्षक पिचकारियों की भरमार देखी गई. बाजारों में सुबह से ही ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो जाती है, जो देर शाम तक बनी रही.

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

spot_img
posjp33 posjp33 posjp33