देहरादून। उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की तारीख पर भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने अपनी अंतिम मंजूरी दे दी है। आईओए की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर 28 जनवरी से 14 फरवरी 2024 के बीच नेशनल गेम्स आयोजित किए जाने की पुष्टि की है। इस बड़े आयोजन को सफलता पूर्वक संपन्न करने के लिए पांच विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया है।
उत्तराखण्ड में प्रस्तावित 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने 28 जनवरी से 14 फरवरी, 2025 तक की तिथियों को स्वीकृति दे दी है। इस महत्वपूर्ण आयोजन से उत्तराखण्ड में खेलों को बढ़ावा मिलेगा और राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने…
— Office Of Pushkar Singh Dhami (@OfficeofDhami) November 6, 2024
बीते माह मुख्यमंत्री धामी ने दिल्ली प्रवास के दौरान आईओए अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा से मुलाकात की थी और राष्ट्रीय खेलों की तारीखों की घोषणा का अनुरोध किया था। डॉ. उषा ने प्रस्तावित तारीखों को तत्काल स्वीकृति दी, और अब इस तिथि को औपचारिक रूप से सार्वजनिक कर दिया गया है।
उत्तराखंड सरकार इस आयोजन को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरे प्रयास कर रही है। पांच नई समितियों का गठन किया गया है, जिसमें गेम्स टेक्निकल कंडक्ट कमेटी का नेतृत्व सुश्री सुनैना, एनएसएफ/एसओए कोऑर्डिनेशन कमेटी का नेतृत्व मधुकांत पाठक, प्रोटोकॉल कमेटी का नेतृत्व विथल शिरगोंकार, सेफगार्डिंग कमेटी का नेतृत्व सुश्री सुमन कौशिक और प्रिवेंशन ऑफ मैनिपुलेशन ऑफ कंपीटिशन कमेटी का नेतृत्व आईएएस आरके सुधांशु करेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “उत्तराखंड में 38वें नेशनल गेम्स बेहद सफल और ऐतिहासिक होंगे। राज्य सरकार इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए कोई भी कोर कसर नहीं छोड़ेगी। हमारे प्रयासों का उद्देश्य उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन, पिछले सभी आयोजनों से बेहतर बनाना है।”
इस आयोजन के लिए उत्तराखंड सरकार पूरी तरह से तैयार है और पिछले राष्ट्रीय खेलों के अनुभवों से सीख लेते हुए इस बार इसे और भी भव्य बनाने की योजना बनाई गई है।



