नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में 15 जून को बाबा नीम करौली महाराज मंदिर का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। इस बार रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने 14 और 15 जून के लिए विशेष यातायात योजना जारी की है।
एसएसपी नैनीताल ने आमजन से अपील की है कि वे सफर पर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर देखें। बीते साल जहां करीब दो लाख श्रद्धालु पहुंचे थे, वहीं इस बार यह संख्या चार लाख तक पहुंचने की संभावना है।
प्रशासन ने कैंची धाम को वाहन मुक्त क्षेत्र (Zero Zone) घोषित किया है। यहां पुलिस, SDRF, PAC और होमगार्ड की टीमें तैनात रहेंगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भवाली, भीमताल, हल्द्वानी और नैनीताल से शटल सेवा भी चलाई जाएगी।
14 से 16 जून तक बड़े वाहनों पर रोक
14 से 16 जून तक भवाली से कैंची धाम मोटर मार्ग पर सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक सभी बड़े वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। 15 जून को रोडवेज, केमू बसों, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहन, और दोपहिया वाहन भी कैंची धाम नहीं जा सकेंगे।
दोपहिया वाहनों को नरीमन तिराहा काठगोदाम, नैनीताल तिराहा कालाढूंगी, बाईपास तिराहा भीमताल, विकास भवन पार्किंग, डांट चौराहा नैनीताल और मस्जिद तिराहा भवाली पर ही रोका जाएगा।
कई मार्गों पर डायवर्जन लागू
-
अल्मोड़ा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन खैरना में पार्क होंगे।
-
हल्द्वानी-काठगोदाम से ज्योलीकोट होकर आने वाले वाहन सैनिटोरियम पार्किंग में खड़े होंगे।
-
भीमताल के रास्ते आने वाले वाहनों को विकास भवन पार्किंग में खड़ा किया जाएगा।
-
नैनीताल से पाइंस, भवाली, कैंचीधाम की ओर जाने वाले वाहनों पर पूरी तरह रोक होगी।
पहाड़ी क्षेत्रों से यातायात को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा
-
अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और रानीखेत से हल्द्वानी की ओर जाने वाले वाहन क्वारब से नथुवाखान, मुक्तेश्वर, खुटानी बैंड, भीमताल होते हुए भेजे जाएंगे।
-
मैदानी क्षेत्रों से आने वाले वाहन पंतनगर तिराहा (दिनेशपुर मोड़) से होते हुए लालकुआं, तीनपानी फ्लाईओवर, गौलापार रोड के जरिये अपने गंतव्यों की ओर भेजे जाएंगे।
शटल सेवा से ही कैंची धाम जा सकेंगे श्रद्धालु
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कैंची धाम तक प्राइवेट वाहन नहीं ले जाने दिए जाएंगे। नैनीताल, भवाली, भीमताल और हल्द्वानी की निर्धारित पार्किंग स्थलों से श्रद्धालुओं को शटल सेवा के माध्यम से मंदिर तक ले जाया जाएगा।
यदि पार्किंग स्थल भर जाते हैं तो हल्द्वानी के गौलापार क्षेत्र में स्थित आरटीओ फिटनेस सेंटर, आईएसबीटी पार्किंग और स्टेडियम पार्किंग का उपयोग किया जाएगा।



