ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में पहुंचे 5104 श्रद्धालु, यात्रा की सुविधा के लिए शासन प्रशासन ने किए पुख्ता इंतजाम
शीतकालीन चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। 30 दिसंबर तक 15,314 तीर्थयात्री चारधाम के शीतकालीन स्थलों पर दर्शन कर चुके हैं। इनमें से सबसे अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के शीतकालीन प्रवासस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचे हैं, जहां 6,482 श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए। इसके अलावा पांडुकेश्वर में 5,104 श्रद्धालुओं ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए हैं, जबकि गंगोत्री धाम के प्रवासस्थल मुखबा में 3,114 श्रद्धालु और यमुनोत्री धाम के खरसाली में 614 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 8 दिसंबर को पंचकेदार शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में शीतकालीन यात्रा का उद्घाटन किया था। कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। बाबा केदारनाथ और मद्महेश्वर भगवान की डोलियों को शीतकाल के लिए ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान किया गया है। छह माह तक यहां श्रद्धालुओं को भगवान केदारनाथ और मद्महेश्वर के दर्शन की सुविधा मिलती है।
बीते सोमवार को 518 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए, वहीं पांडुकेश्वर में 364 श्रद्धालुओं ने भगवान बद्रीविशाल के दर्शन किए। मुखबा में 18 और खरसाली में 8 श्रद्धालु पहुंचे।
शासन प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, जिनमें ठंड से बचाव के लिए पुख्ता इंतजाम शामिल हैं।



