प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 मार्च को उत्तरकाशी के हर्षिल-मुखबा क्षेत्र का करेंगे दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 मार्च को उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के हर्षिल और मुखबा क्षेत्र का दौरा करेंगे। इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिला अधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर प्रधानमंत्री के दौरे की पुष्टि करते हुए ‘हर्षिल तैयार’ शीर्षक के तहत कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं।

तैयारी का जायजा लिया गया
जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए हैं। हर्षिल में सेना के हेलीपैड की मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है, वहीं मुखबा तक जाने वाली सड़क पर पेंटिंग, क्रश बैरियर, पैराफिट्स, साइन बोर्ड और दीवार पुस्ता का कार्य संपन्न किया गया है। इसके अलावा, हर्षिल में प्रधानमंत्री की सभा के लिए टेंट भी सजकर तैयार हो चुका है। मुखबा क्षेत्र में पैदल रास्तों, पार्किंग और मंदिर परिसर में रंग-रोगन का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।

संचार और सुरक्षा व्यवस्था
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान संचार व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने मोबाइल नेटवर्क के साथ-साथ सैटेलाइट फोन और विभिन्न संगठनों के वायरलेस नेटवर्क का उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही, गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी गई है और सड़कों को हर हाल में खुला रखने के लिए पर्याप्त संख्या में मशीनें तैनात की गई हैं। बीआरओ, लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई की मशीनों को भी इस कार्य में लगाया गया है।

बिजली और अन्य व्यवस्थाओं पर ध्यान
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने पर्याप्त क्षमता वाले जनरेटर की व्यवस्था की है। इसके अलावा, विद्युत लाइनों की मरम्मत भी तेजी से की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या न हो।

पहले स्थगित हुआ था उत्तरकाशी दौरा
प्रधानमंत्री का उत्तरकाशी दौरा पहले 27 फरवरी को निर्धारित था, लेकिन मौसम विभाग द्वारा जारी येलो अलर्ट और संभावित बर्फबारी के कारण यह दौरा स्थगित कर दिया गया था। अब 6 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा प्रस्तावित है, और जिला प्रशासन इस ऐतिहासिक दौरे को सफल बनाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर हर्षिल और मुखबा क्षेत्र में उत्साह का माहौल है, और स्थानीय प्रशासन इस दौरे को शानदार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

spot_img
posjp33 posjp33 posjp33