देहरादून:
भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने अपनी स्थापना की 90वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक राष्ट्रीय स्तर की RBI90 प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया। यह प्रतियोगिता देशभर के पूर्व-स्नातक विद्यार्थियों के लिए एक सामान्य ज्ञान आधारित टीम प्रतियोगिता है, जो आरबीआई की ओर से वर्षभर चलने वाली विभिन्न गतिविधियों का हिस्सा है।
RBI90 प्रश्नोत्तरी एक टीम-आधारित प्रतियोगिता है, जो कई चरणों में आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता का ऑनलाइन चरण 19-21 सितंबर 2024 तक हुआ था, जिसमें कॉलेजों की टीमों ने भाग लिया। ऑनलाइन चरण में अच्छे प्रदर्शन के आधार पर विभिन्न कॉलेजों की टीमों को राज्य स्तरीय राउंड के लिए चयनित किया गया।
उत्तराखंड में RBI90 क्विज़ का राज्य-स्तरीय राउंड होटल हयात सेंट्रिक, देहरादून में आयोजित किया गया, जहां 72 विद्यार्थियों की 36 टीमों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में वेदांत द्विवेदी, तनय कपाड़िया, और आईआईटी रुड़की की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि एमबी पीजी कॉलेज और एनआईटी उत्तराखंड की टीमें क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
विजेता टीम को ₹2 लाख का पुरस्कार प्राप्त हुआ, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को क्रमशः ₹1.5 लाख और ₹1 लाख का पुरस्कार दिया गया।
अब, विजेता टीम जोनल राउंड में प्रतिस्पर्धा करेगी, जो 21 नवंबर 2024 और 4 दिसंबर 2024 के बीच आयोजित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का राष्ट्र-स्तरीय फाइनल दिसंबर 2024 में मुंबई में आयोजित किया जाएगा।



