देहरादून में कैबिनेट विस्तार के बाद अब पुष्कर सिंह धामी सरकार ने संगठन को साधने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। शासन की ओर से जारी आदेश में 14 नेताओं को विभिन्न आयोगों, परिषदों और समितियों में अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
गृह एवं गोपन सचिव शैलेश बगौली द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसे आगामी चुनावों से पहले संगठन और सरकार के बीच संतुलन बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
नियुक्तियों के तहत देहरादून के कुलदीप सुटोला को राज्य स्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि नैनीताल के ध्रुव रौतेला को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चंपावत की हरिप्रिया जोशी को राज्य महिला आयोग में जिम्मेदारी दी गई है, वहीं टिहरी के विनोद सुयाल को राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद में स्थान मिला है।
इसी क्रम में चंपावत के मुकेश महराना को चाय विकास सलाहकार परिषद, देहरादून की चारु कोठारी को राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद में दायित्व सौंपा गया है। चमोली के प्रेम सिंह राणा को जनजाति आयोग, टिहरी के खेम सिंह चौहान को ओबीसी कल्याण परिषद और सोना सजवाण को जड़ी-बूटी सलाहकार समिति में जिम्मेदारी दी गई है।
अल्मोड़ा के गोविंद पिलखवात को हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद में शामिल किया गया है, जबकि देहरादून के बलजीत सोनी को अल्पसंख्यक आयोग में स्थान मिला है। काशीपुर की सीमा चौहान को मत्स्य विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा वरिष्ठ भाजपा नेता भावना मेहरा और अशोक वर्मा को भी विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह कदम चुनावी वर्ष में कार्यकर्ताओं को संतुष्ट रखने और संगठनात्मक मजबूती बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।