टॉपर्स को मिलेगा प्रशासनिक अनुभव, नदियों पर मनाया जाएगा ‘नदी उत्सव’

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक घोषणाएं की हैं। राज्य में हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी विद्यार्थियों को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक रूप से जिले का डीएम (जिलाधिकारी) और एसपी (पुलिस अधीक्षक) बनाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य मेधावी छात्रों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से अवगत कराना, उनमें आत्मविश्वास पैदा करना और उन्हें बड़े लक्ष्य के लिए प्रेरित करना है।

इस कार्यक्रम को प्रत्येक जिले में लागू किया जाएगा, जिसके लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार की जा रही है। यह प्रयास छात्रों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इसी क्रम में, मुख्यमंत्री ने राज्य की प्रमुख नदियों पर ‘नदी उत्सव’ आयोजित करने के भी निर्देश दिए हैं। इस उत्सव का आयोजन जनसहभागिता के माध्यम से किया जाएगा। ‘नदी उत्सव’ का उद्देश्य नदियों की सफाई, पुनर्जीवन, संरक्षण और जल स्वच्छता को एक जन आंदोलन का रूप देना है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नदियां न केवल जलस्रोत हैं, बल्कि हमारी संस्कृति और जीवनशैली का अहम हिस्सा भी हैं। ‘नदी उत्सव’ के माध्यम से आम जनता को जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।

यह पहल एक ओर जहां छात्रों को सम्मानित कर उन्हें प्रेरित करने का कार्य करेगी, वहीं दूसरी ओर राज्य में जल स्रोतों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूत बनाएगी।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

spot_img
posjp33 posjp33 posjp33