जैसे-जैसे केदारनाथ उपचुनाव की मतदान तिथि नजदीक आ रही है, राजनीतिक दलों द्वारा अपने प्रचार अभियान को तेज किया जा रहा है। इस क्रम में भाजपा ने चोपता में अनुसूचित जाति सम्मेलन का आयोजन किया, जिसमें 150 से अधिक लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। भाजपा ने क्षेत्र में अनुसूचित जाति के मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की दिशा में यह पहल की है, क्योंकि केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में 16-18% अनुसूचित जाति का वोट है।
कार्यक्रम में केदारनाथ विधानसभा के चुनाव संयोजक और रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने नए सदस्यों का भाजपा परिवार में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने बिना किसी भेदभाव के सरकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए चौधरी ने बताया कि उन्होंने क्षेत्र के लिए 600 करोड़ की विकास योजनाएं दी हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित घनसाली शक्तिलाल शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ही अनुसूचित जाति समाज का सही विकास कर सकती है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने 70 सालों तक इस समाज का केवल वोट बैंक के रूप में उपयोग किया।
भाजपा केदारनाथ विधानसभा प्रभारी आदित्य कोठारी ने कहा कि पार्टी की रीति-नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि अनुसूचित जाति के लोगों को भाजपा से जोड़ने की योजना जारी रहेगी।
इस अवसर पर रिटायर्ड डीएसपी प्रेम लाल टम्टा, सेवानिवृत्त खण्ड विकास अधिकारी विक्रम लाल और कई अन्य प्रभावशाली लोग उपस्थित रहे।



