बृहस्पतिवार को खेल मंत्री रेखा आर्या ने उत्तराखंड के खिलाड़ियों को उनके शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी और उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के पराक्रम से उत्तराखंड अब खेल भूमि के रूप में स्थापित हो चुका है।
गुरुवार को टिहरी में आयोजित कैनोइंग और क्याकिंग इवेंट में उत्तराखंड की खिलाड़ी पी सोनिया ने गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। यह सोनिया का इस राष्ट्रीय खेलों में दूसरा गोल्ड मेडल था। एक दिन पहले ही उन्होंने टीम इवेंट में भी गोल्ड मेडल जीता था। खेल मंत्री रेखा आर्या ने सोनिया को दो दिन में दो गोल्ड मेडल जीतने पर विशेष रूप से बधाई दी। खेल मंत्री ने कहा कि उनकी इस उपलब्धि से आम लोग भी इस खेल के बारे में जागरूक हो रहे हैं।
इसके अतिरिक्त, गुरुवार को इसी खेल में उत्तराखंड की टीम ने सिल्वर मेडल जीता। शाम के समय देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही नेट बाल स्पर्धा में भी उत्तराखंड को सिल्वर मेडल प्राप्त हुआ। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है और इन खिलाड़ियों ने यह साबित कर दिया है कि उत्तराखंड के गांव-गांव से आए ये एथलीट आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराएंगे।



