नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार को आई तेज आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। खराब मौसम की वजह से लंदन, पेरिस, फ्रैंकफर्ट और सिंगापुर सहित आठ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें निर्धारित समय से देरी से रवाना हुईं, जबकि तेल अवीव जाने वाली एक उड़ान को रद्द कर दिया गया।
मौसम की इस अचानक मार ने न केवल घरेलू बल्कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को भी बुरी तरह प्रभावित किया। रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 10 उड़ानों को जयपुर और मुंबई जैसे वैकल्पिक एयरपोर्ट्स की ओर डायवर्ट किया गया है।
एयरपोर्ट पर यात्री कई घंटों तक उड़ानों के इंतजार में बैठे रहे। बारिश के कारण हवाई अड्डे तक पहुंचने वाले यातायात पर भी असर पड़ा। वहीं, इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट जैसी प्रमुख एयरलाइनों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर यात्रियों को सतर्क करते हुए कहा कि मौसम के कारण उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की संचालक कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने कहा कि हमारी टीमें हालात सामान्य करने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं ताकि यात्रियों को एक सुरक्षित और सहज अनुभव मिल सके।
हालांकि देर शाम तक मौसम में कुछ सुधार देखने को मिला और उड़ानों का संचालन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा।


