रुद्रप्रयाग में बड़ा हादसा: टेंपो ट्रैवलर अलकनंदा में गिरा, दो की मौत, कई लापता

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर घोलतीर के पास एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सीधा अलकनंदा नदी में जा गिरा। हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई यात्री अब भी लापता हैं। वाहन में कुल 19 लोग सवार थे, जिनमें से 17 एक ही परिवार के सदस्य थे। ये सभी राजस्थान के उदयपुर से तीर्थयात्रा पर निकले थे।


तेज रफ्तार का कहर: बहाव में बह गया वाहन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय तीन लोग वाहन से छिटककर बाहर गिर गए और उन्हें गंभीर चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी यात्री टेंपो ट्रैवलर के साथ अलकनंदा की तेज धारा में बह गए। रेस्क्यू टीम को एक शव काफी दूर शिवपुरी तक बहकर मिला है।


रेस्क्यू में जुटा प्रशासन, आठ घायल अस्पताल में भर्ती

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार अब तक नौ लोगों को नदी और आसपास के क्षेत्रों से रेस्क्यू किया गया है। इनमें दो की मौत हो चुकी है (एक महिला सहित), जबकि आठ घायल जिला चिकित्सालय में भर्ती हैं। इनमें बच्चे भी शामिल हैं।


रेस्क्यू में बाधा बन रही अलकनंदा की तेज धारा

रेस्क्यू अभियान तेज़ी से जारी है, लेकिन नदी की तेज़ धारा और आसपास की खड़ी चट्टानें राहत कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रही हैं। प्रशासन के साथ स्थानीय ग्रामीण भी अभियान में मदद कर रहे हैं। फिलहाल लापता लोगों की सटीक संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है।


क्षेत्र में मातम का माहौल

यह हादसा उस समय हुआ जब तीर्थयात्रियों का दल बद्रीनाथ धाम की ओर जा रहा था। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क की ढलान और तीखे मोड़ पर वाहन चालक का नियंत्रण खो गया, जिससे यह दुर्घटना घटी।


प्रशासन की अपील

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और रेस्क्यू टीम के निर्देशों का पालन करें। साथ ही, दुर्घटना स्थल पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं ताकि राहत कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न हो।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

spot_img
posjp33 posjp33 posjp33