मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने कैम्प कार्यालय में देर शाम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्निर्माण, डेंगू की रोकथाम और चारधाम यात्रा की तैयारियों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बारिश का मौसम समाप्त हो चुका है, इसलिए सड़क निर्माण और मरम्मत का कार्य तेजी से किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून के दौरान हुए नुकसान को प्राथमिकता के साथ ठीक किया जाए और प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए।
उन्होंने चारधाम यात्रा के संबंध में भी समीक्षा की और अधिकारियों से आवश्यक तैयारियों को पूरा करने का आग्रह किया, ताकि दीपावली तक श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि के समय कोई अव्यवस्था न हो।
डेंगू के मामलों में वृद्धि को देखते हुए, मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों से मिलकर प्रभावी नियंत्रण करने का आह्वान किया। बैठक में मुख्य सचिव श्रीमती राधा रतूड़ी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



