हल्द्वानी – बनभूलपुरा रेलवे मामला फिर टला, अब फरवरी 2026 में संभावित सुनवाई
हल्द्वानी। हल्द्वानी के बनभूलपुरा रेलवे भूमि विवाद मामले को लेकर एक बार फिर इंतजार बढ़ गया है। लंबे समय से लंबित इस संवेदनशील प्रकरण की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में एक बार फिर टल गई है। सुप्रीम कोर्ट की अधिकृत वेबसाइट के अनुसार, अब इस मामले की संभावित सुनवाई 3 फरवरी 2026 को दर्शाई गई है। इससे पहले यह मामला 16 दिसंबर 2025 को सूचीबद्ध होने की संभावना जताई जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, यह मामला पहले 10 दिसंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए सूचीबद्ध था। हालांकि, उस दिन कोर्ट की कार्यसूची में क्रम संख्या 15 पर दर्ज एक अन्य प्रकरण में लंबी बहस चलने के कारण बनभूलपुरा रेलवे मामले पर सुनवाई नहीं हो सकी। इसके बाद इसे 16 दिसंबर के लिए संभावित रूप से सूचीबद्ध किया गया था, लेकिन अब तारीख आगे बढ़ाकर फरवरी 2026 कर दी गई है।
इस मामले के बार-बार टलने से बनभूलपुरा क्षेत्र में रह रहे हजारों लोगों के बीच असमंजस और चिंता की स्थिति बनी हुई है। रेलवे भूमि विवाद से जुड़े इस प्रकरण का असर न केवल स्थानीय निवासियों पर पड़ रहा है, बल्कि प्रशासन और कानून-व्यवस्था की दृष्टि से भी यह मामला बेहद संवेदनशील माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सुनवाई टलने से उनकी अनिश्चितता और बढ़ती जा रही है। वहीं प्रशासन भी अंतिम फैसले का इंतजार कर रहा है, ताकि आगे की कार्रवाई को लेकर स्पष्ट दिशा तय की जा सके। इससे पहले भी सुनवाई की तारीखों को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण हालात देखने को मिले हैं, जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती रही है।
अब सुप्रीम कोर्ट में 3 फरवरी 2026 को संभावित सुनवाई की तारीख तय होने के बाद सभी पक्षों की निगाहें उसी पर टिकी हुई हैं। उम्मीद की जा रही है कि इस सुनवाई के बाद बनभूलपुरा रेलवे भूमि विवाद की दिशा स्पष्ट होगी और वर्षों से चले आ रहे इस मामले में कोई ठोस समाधान निकल सकेगा।