spot_img

मुख्यमंत्री धामी ने प्रवासी उत्तराखंडियों के सम्मान में रखा रात्रिभोज, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा सीएम आवास

तीसरे प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के समापन पर आयोजित हुआ रंगारंग कार्यक्रम, नंदा राजजात की प्रस्तुति ने मोहा मन

देहरादून। तीसरे प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के सफल समापन के उपरांत शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने शासकीय आवास पर देश भर से आए प्रवासी उत्तराखंडियों के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों से सीधा संवाद स्थापित कर राज्य की प्रगति में उनके अमूल्य योगदान की सराहना की और उनका आत्मीय अभिनंदन किया।

संस्कृति के ब्रांड एंबेसडर हैं प्रवासी: मुख्यमंत्री

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य से बाहर निवास कर रहे उत्तराखंडी केवल विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं ही नहीं दे रहे, बल्कि वे देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों के सच्चे ध्वजवाहक भी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से राज्य और प्रवासी समुदाय के बीच भावनात्मक रिश्ते अधिक सुदृढ़ होते हैं। सीएम ने इस बात पर विशेष बल दिया कि प्रवासियों को अपनी भावी पीढ़ी को अपनी मातृभाषा, लोकगीतों, लोकनृत्यों और रीति-रिवाजों से जोड़े रखना चाहिए ताकि हमारी पहचान वैश्विक स्तर पर और मजबूत हो सके।

विकास और रिवर्स पलायन में प्रवासियों की भूमिका

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को विकसित बनाने के संकल्प का दोहराव करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासियों का अनुभव, विशेषज्ञता, नवाचार और निवेश उत्तराखंड की प्रगति के लिए बेहद अहम हैं। उन्होंने प्रवासियों द्वारा अपने पैतृक गांवों को गोद लेने और वहां विकास कार्य कराने की पहल की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन प्रयासों से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के साधन बढ़ेंगे बल्कि ‘रिवर्स पलायन’ को भी बल मिलेगा।

नंदा राजजात की प्रस्तुति ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और धार्मिक परंपराओं पर आधारित भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विशेष रूप से मां नंदा देवी की पावन यात्रा पर आधारित ‘नंदा राजजात’ की सांस्कृतिक झलक ने उपस्थित सभी अतिथियों को भावविभोर कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं केवल हमारी आस्था ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक स्वाभिमान का प्रतीक हैं।

कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां रही मौजूद

इस गरिमामय आयोजन में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, केंद्र सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु तथा पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

spot_img

Related Articles

spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles