ऋषिकेश की बीन नदी और देहरादून की स्वारना नदी में आई बाढ़, एसडीआरएफ ने चलाया साहसिक बचाव अभियान
देहरादून: उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण नदियां और बरसाती नाले उफान पर हैं। इस बीच, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए अलग-अलग हादसों में बाढ़ और तेज बहाव के बीच फंसे कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। SDRF की टीम ने ऋषिकेश की बीन नदी और देहरादून की स्वारना नदी में फंसे छात्रों और यात्रियों के लिए दो अलग-अलग रेस्क्यू ऑपरेशन चलाए।
बीन नदी के तेज बहाव में फंसा मैक्स वाहन, दो यात्रियों को निकाला
ऋषिकेश की बीन नदी में सोमवार रात करीब 10 बजे एक मैक्स वाहन बाढ़ के पानी के बीच फंस गया। तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और उफनते पानी के बीच वाहन में सवार यात्रियों के बचने का कोई रास्ता नहीं बचा था।
घटना की सूचना मिलते ही SDRF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जवानों ने उफनते सैलाब के बीच बहादुरी से काम लेते हुए वाहन में फंसे दो यात्रियों को बेहद सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया।
स्वारना नदी में फंसे UPES के 6 छात्र, 6 किमी पैदल चलकर किया रेस्क्यू
दूसरी घटना देहरादून की स्वारना नदी के पास की है। 17 अगस्त को यूपीईएस (UPES) के छह छात्र मिसरास पट्टी के थान गांव क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए निकले थे। इसी दौरान क्षेत्र में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई, जिससे स्वारना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। जलस्तर बढ़ने के कारण सभी छात्र वापस नहीं लौट पाए और जंगल में ही फंस गए।
मामले की जानकारी मिलने पर डाकपत्थर से SDRF की रेस्क्यू टीम रवाना हुई। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और उफनती नदी की चुनौतियों का सामना करते हुए जवानों ने करीब छह किलोमीटर की कठिन पैदल ट्रैकिंग की। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी छह छात्रों को ढूंढ निकाला और उन्हें सुरक्षित रेस्क्यू कर जिला पुलिस को सौंप दिया। सभी छात्र पूरी तरह ठीक हैं।
SDRF सेनानायक ने जारी की चेतावनी
बारिश के मौसम में लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए SDRF सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर ही यात्रा का प्लान बनाएं। खराब मौसम और बारिश के दौरान नदी-नालों और जोखिम वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से पूरी तरह बचना चाहिए।

