चमोली और पौड़ी जिलों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई मार्ग बंद, भूस्खलन से भारी नुकसान
चमोली: उत्तराखंड में लगातार जारी मूसलाधार बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। जगह-जगह हो रहे भूस्खलन और मलबे के कारण राज्य के कई मोटर मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। चमोली जनपद के प्रसिद्ध पंच केदारों में शामिल कल्पेश्वर महादेव मंदिर परिसर में देर रात भूस्खलन के बाद भारी मात्रा में मलबा घुस गया है।
कल्पेश्वर महादेव मंदिर परिसर को भारी नुकसान
जोतिर्मठ ब्लॉक के अंतर्गत कल्पेश्वर मंदिर के ऊपरी हिस्से में देर रात अचानक भारी भूस्खलन हो गया। कल्पेश्वर मंदिर के सचिव लक्ष्मण नेगी ने बताया कि रातभर हुई मूसलाधार बारिश के कारण पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा सीधे मंदिर परिसर में आ गिरा। इस घटना में मंदिर परिसर को काफी नुकसान पहुंचा है।
राहत की बात यह रही कि भूस्खलन की इस चपेट में आने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू
घटना की जानकारी जोशीमठ तहसील प्रशासन को दे दी गई है। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार के अनुसार, नुकसान का जायजा लेने और आवश्यक कार्रवाई करने के लिए तहसील प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है।
दूसरी ओर, गैरसैंण विकासखंड के कुनीगाड़ क्षेत्र स्थित कल्याणा मल्ला गांव में भी बारिश के कारण एक गौशाला ढह गई। गनीमत रही कि गौशाला मालिक रतन सिंह ने संभावित खतरे को देखते हुए मवेशियों को पहले ही सुरक्षित स्थान पर बांध दिया था, जिससे उनकी जान बच गई।
पौड़ी-देवप्रयाग मार्ग पर थमा यातायात
पौड़ी जनपद में भी लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। पौड़ी-देवप्रयाग मोटरमार्ग पर सौड़ के पास पहाड़ी से भारी मलबा और पेड़ गिरने के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इसके चलते सड़क के दोनों किनारों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
स्थानीय निवासी वैभव रावत ने बताया कि पौड़ी से देहरादून जाते समय सौड़ के निकट मार्ग बंद मिला। मलबा हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग की मशीनें लगाई गई हैं, लेकिन मलबे में पत्थर और पेड़ अधिक होने के कारण रास्ता साफ करने में काफी बाधाएं आ रही हैं।
थाना देवप्रयाग के थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने जानकारी दी कि मार्ग को बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वाहनों की कतारों को देखते हुए पुलिस बल मौके पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए तैनात है।