spot_img

केदारनाथ यात्रा: विभागों को समन्वय से काम करने के निर्देश, स्वास्थ्य और सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

प्रभारी सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी के साथ यात्रा व्यवस्थाओं की वर्चुअली समीक्षा की

देहरादून। उत्तराखंड सरकार केदारनाथ धाम यात्रा को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों पर यात्रा व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है। इसी कड़ी में, प्रभारी सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने मंगलवार को जनपद रुद्रप्रयाग में केदारनाथ यात्रा व्यवस्थाओं की वर्चुअल माध्यम से विस्तृत समीक्षा की।

बैठक के दौरान प्रभारी सचिव ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से यात्रा मार्ग, प्रमुख पड़ावों, यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं और वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने यात्रा के दौरान आने वाली चुनौतियों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए।

यात्रा मार्ग पर पेयजल और बिजली आपूर्ति सामान्य

समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग ने बताया कि वर्तमान में केदारनाथ यात्रा सुचारु रूप से चल रही है। यात्रा मार्ग और सभी मुख्य पड़ावों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। जनपद में पेयजल और विद्युत आपूर्ति की स्थिति सामान्य है और संबंधित विभाग लगातार इनकी निगरानी कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग से लेकर केदारनाथ धाम तक छोटी से छोटी समस्या का भी तत्काल संज्ञान लेकर उसका समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी होगी दूर, स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता

बैठक में यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु हैं, लेकिन विशेषज्ञ चिकित्सकों की कुछ कमी बनी हुई है। इसके लिए जिला प्रशासन ने अतिरिक्त डॉक्टरों की तैनाती की मांग की है।

प्रभारी सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने यात्रियों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि देश-विदेश से श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं, इसलिए किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए हमारा स्वास्थ्य तंत्र पूरी तरह तैयार रहना चाहिए।

घोड़ा-खच्चरों के संचालन और पशु कल्याण पर जोर

यात्रा मार्ग पर चलने वाले घोड़ा-खच्चरों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने पशु कल्याण मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान इन पशुओं के साथ मानवीय व्यवहार किया जाए। पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच, आवश्यक चिकित्सा और संचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

डॉ. आर. राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि यात्रियों को एक सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके।

spot_img

Related Articles

spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

posjp33 posjp33 posjp33