spot_img

उत्तराखंड में बड़ा राजनीतिक उलटफेर: श्रीनगर की निर्दलीय मेयर आरती भंडारी 10 पार्षदों संग भाजपा में शामिल

देहरादून में सीएम धामी और महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में पार्षदों ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता

देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीनगर गढ़वाल में भाजपा ने विपक्षी खेमे को बड़ा झटका दिया है। श्रीनगर नगर निगम की निर्दलीय मेयर आरती भंडारी अपने पति और समाजसेवी लखपत सिंह भंडारी के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गई हैं। उनके साथ ही नगर निगम के 10 पार्षदों ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है।

देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की उपस्थिति में इन सभी नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।

इन पार्षदों ने थामा भाजपा का दामन

मेयर आरती भंडारी के साथ भाजपा में शामिल होने वाले पार्षदों में दो कांग्रेस के और आठ निर्दलीय पार्षद शामिल हैं। इनके नाम निम्नलिखित हैं:

  • अनुराग चौहान (कांग्रेस)
  • राजकुमार (कांग्रेस)
  • विजय चमोली सोनू (निर्दलीय)
  • मीना भारती (निर्दलीय)
  • भावना चौहान (निर्दलीय)
  • अंजनी भंडारी (निर्दलीय)
  • आशीष नेगी (निर्दलीय)
  • नरेंद्र सिंह रावत (निर्दलीय)
  • धर्म सिंह रावत (निर्दलीय)
  • प्रवेश चमोली (निर्दलीय)

पहले भी भाजपा का हिस्सा रही हैं आरती भंडारी

भाजपा में शामिल होने के बाद महापौर आरती भंडारी ने कहा कि पार्टी में शामिल होना उनके लिए विचारधारा और विकास के संकल्प को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के सहयोग से श्रीनगर में विकास कार्यों को लगातार गति मिली है।

गौरतलब है कि साल 2025 के उत्तराखंड नगर निगम चुनाव में टिकट न मिलने के बाद आरती भंडारी ने निर्दलीय चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। वह इससे पहले जिला पंचायत सदस्य और ब्लॉक प्रमुख खिर्सू भी रह चुकी हैं। उनके पति लखपत सिंह भंडारी भी पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं।

धन सिंह रावत की बढ़ी राजनीतिक ताकत

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के विधानसभा क्षेत्र श्रीनगर गढ़वाल में इस राजनीतिक घटनाक्रम को काफी अहम माना जा रहा है। श्रीनगर सीट पर पारंपरिक रूप से डॉ. धन सिंह रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के बीच सीधा मुकाबला रहता है।

ऐसे में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले, श्रीनगर नगर निगम की मेयर और इतने बड़े पैमाने पर पार्षदों का भाजपा में शामिल होना स्थानीय समीकरणों को पूरी तरह बदल सकता है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनहितैषी नीतियों से प्रभावित होकर लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं और जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है।

spot_img

Related Articles

spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles

posjp33 posjp33 posjp33