spot_img

उत्तराखंड में मानसून की तबाही: देहरादून और अल्मोड़ा में हादसों के कारण 5 लोगों की मौत

देहरादून में नदी के तेज बहाव में बही कार, अल्मोड़ा में मकान गिरने से मलबे में दबे तीन लोग

उत्तराखंड में मानसून की भारी बारिश लोगों के लिए आफत बनकर बरस रही है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में हो रही लगातार बरसात के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। ताजा घटनाओं में राजधानी देहरादून और अल्मोड़ा जिले में हुए दो अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है। प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने दोनों ही स्थानों पर तुरंत राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

देहरादून में बरसाती नाले के बहाव में बही क्रेटा, दो की मौत

पहली घटना राजधानी देहरादून की है। बीती रात प्रेमनगर क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौंधा सड़क मार्ग पर स्थित कंडोली पुल के पास एक बड़ा हादसा हो गया। यहां अत्यधिक बारिश के चलते आए तेज बरसाती बहाव में एक क्रेटा कार बह गई। इस गाड़ी में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डाकपत्थर टीम तत्काल मौके पर पहुंची और विषम परिस्थितियों के बीच देर रात ही सर्च ऑपरेशन शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल से करीब 2 किलोमीटर दूर सहज (पुत्री गुलशन बवेजा) को घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए पुलिस के सुपुर्द किया।

वहीं, इस हादसे में कार सवार अक्षय (20 वर्ष, पुत्र मुकेश) निवासी जयपुर, राजस्थान और एक अन्य युवती की मौत हो गई। एसडीआरएफ ने दोनों के शवों को बरामद कर पुलिस को सौंप दिया है।

अल्मोड़ा में मलबे में दबा परिवार, तीन लोगों की गई जान

दूसरी दर्दनाक घटना अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर तहसील क्षेत्र से सामने आई है। यहां आज तड़के सुबह करीब 3:30 बजे भारी बारिश और अतिवृष्टि के कारण बड्यूडा ग्राम सभा (राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्र पातलीबगड़) में एक आवासीय मकान अचानक पूरी तरह ढह गया।

मकान गिरने से मलबे के नीचे दबकर एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र अल्मोड़ा की रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में राजेंद्र राम का परिवार शामिल था। हादसे में राजेंद्र राम की पत्नी प्रेमा देवी (42 वर्ष), पुत्री कल्पना आर्या (19 वर्ष) और पुत्र मनीष कुमार (18 वर्ष) की जान चली गई।

प्रशासन और एसडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन

अल्मोड़ा हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड, राजस्व विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू कार्य में जुट गईं। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे से तीनों शवों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।

spot_img

Related Articles

spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles