मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के साथ समय बिताया, 10 महिलाओं को दी महालक्ष्मी किट
उधम सिंह नगर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित गोसीकुआ भुड़ाई आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने बच्चों, गर्भवती महिलाओं, आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियों से मुलाकात की और उनसे सीधा संवाद किया।
बच्चों के साथ बिताया समय, कराया अन्नप्राशन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छोटे बच्चों से बातचीत की और अपने हाथों से उन्हें भोजन परोसा। उन्होंने पांच बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की शुरुआती शिक्षा, संस्कार और सर्वांगीण विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अपने निजी जीवन से जुड़ा अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनके अपने बच्चे भी नगला तराई के आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ चुके हैं।
गर्भवती महिलाओं को दी पोषण और महालक्ष्मी किट
मुख्यमंत्री धामी ने गोदभराई रस्म में हिस्सा लेते हुए 10 गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार की किट सौंपी। इसके अलावा 10 अन्य लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट भी प्रदान की गई। राज्य में माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकताओं में बताते हुए उन्होंने कहा कि महालक्ष्मी किट और मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना के माध्यम से पोषण सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। दूरस्थ क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित प्रसव के लिए बर्थ वेटिंग होम जैसी सुविधाएं काम कर रही हैं।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियां सम्मानित
सराहनीय कार्य करने पर सीएम धामी ने 9 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और 2 आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यकत्रियां सरकारी योजनाओं को पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम हैं। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने पौधरोपण भी किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में चलाए जा रहे ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना और लोगों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करना है।





