ऐतिहासिक गौचर मेले के शुभारंभ पर सीएम ने 37 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का दिया उपहार, सिमली अस्पताल मुद्दे पर कमेटी गठन का भरोसा
गौचर। उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर और व्यापारिक पहचान के प्रतीक 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का शनिवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पूजा-अर्चना के साथ इस सात दिवसीय मेले का उद्घाटन किया। गौचर पहुंचने पर स्थानीय निवासियों, जनप्रतिनिधियों और आयोजन समिति ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, ढोल-दमाऊ की थाप और पुष्पमालाओं के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर स्थानीय स्कूली छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक दिखाई दी। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने मुख्यमंत्री को मेले का प्रतीक चिन्ह (शुभंकर) भेंट कर सम्मानित किया।
1943 से शुरू हुआ था भोटिया व्यापार मेला
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौचर मेला सिर्फ एक वार्षिक उत्सव नहीं, बल्कि राज्य की ऐतिहासिक और व्यापारिक परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने याद दिलाया कि 1943 में स्थानीय व्यापारियों, प्रबुद्धजनों और प्रशासन के सहयोग से इसे ‘भोटिया व्यापार मेले’ के रूप में शुरू किया गया था। उस दौर में गौचर भारत-तिब्बत सीमापार व्यापार का बड़ा केंद्र था, जहां ऊन, पश्मीना और जड़ी-बूटियों का लेन-देन होता था। समय के साथ यह मेला भव्य औद्योगिक और सांस्कृतिक आयोजन का रूप ले चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मंच छोटे उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों के लिए अपने उत्पादों के प्रदर्शन का बड़ा माध्यम है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को ग्रामीण स्तर पर सशक्त बनाता है और स्थानीय आर्थिकी को गति प्रदान करता है।
‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ने पार किया 6 करोड़ का कारोबार
स्थानीय अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि चमोली के ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, दालें, मंडुवा, झंगोरा और शहद जैसे उत्पादों को विश्वस्तरीय पहचान देने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड लॉन्च किया गया है। इस ब्रांड ने अब तक 6 करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार कर लिया है। उन्होंने इसे प्रदेश की मातृशक्ति और महिला स्वयं सहायता समूहों की मेहनत तथा आर्थिक स्वावलंबन की बड़ी सफलता बताया।
सीमांत क्षेत्रों का विकास और पलायन रोकने की पहल
चमोली को भगवान बद्रीनाथ की तपोभूमि, मां नंदा का मायका और ऐतिहासिक चिपको आंदोलन की जननी बताते हुए मुख्यमंत्री ने यहां के देश भक्तों और वीरों को नमन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से सीमांत गांवों को अब ‘अंतिम’ के बजाय देश का ‘पहला गांव’ मानकर विकसित किया जा रहा है।
उत्तराखंड के युवाओं को गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार होमस्टे नीति, पर्यटन नीति, नई फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना जैसी योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन निर्माण और चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना से चमोली की कनेक्टिविटी और अर्थव्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
पेजजल योजनाओं का लोकार्पण और स्थानीय मांगों पर कार्रवाई
मेले के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के लिए दो प्रमुख पेयजल परियोजनाओं का लोकार्पण किया:
- गौचर नगरीय पेयजल योजना: अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस परियोजना से गौचर शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
- गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना: मुख्यमंत्री घोषणा के तहत 459.32 लाख रुपये की लागत से गैरसैंण में पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं जीर्णोद्धार कार्यों का लोकार्पण किया गया।
स्थानीय समस्याओं का समाधान करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सिमली अस्पताल से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए जल्द ही एक विशेष समिति का गठन किया जाएगा। इसके अलावा, कर्णप्रयाग/गौचर क्षेत्र में प्रेस क्लब भवन निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित होते ही आवश्यक बजटीय स्वीकृति देने का सकारात्मक आश्वासन दिया।
विशिष्ट विभूतियों को सम्मान
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्र की दो प्रमुख हस्तियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए स्मृति सम्मान से नवाजा:
- गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026: बमोथ (चमोली) निवासी वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को पत्रकारिता एवं साहित्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया गया।
- पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026: बिनसर पब्लिकेशन (देहरादून) के वरिष्ठ लेखक व प्रकाशक कीर्ति नवानी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में गणमान्य लोगों की उपस्थिति
उद्घाटन समारोह में चमोली जिले के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, दर्जाधारी राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, राम चंद्र गौड़, जिला सहकारिता बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, बीजेपी जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी सहित जिलाधिकारी गौरव कुमार, एसपी सुरजीत सिंह पंवार, एडीएम विवेक प्रकाश व बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।





