spot_img

खटीमा में आयोजित छठ महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, नए छठ घाट का किया लोकार्पण

संजय रेलवे पार्क के पास विकसित छठ घाट का हुआ उद्घाटन, विकास योजनाओं पर भी बोले सीएम

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार देर शाम पूर्वांचल सेवा समिति द्वारा आयोजित छठ महोत्सव में शामिल होने खटीमा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भगवान सूर्य देव की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वार्ड संख्या 14 स्थित संजय रेलवे पार्क के पास निर्मित नए छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्यों का औपचारिक लोकार्पण भी किया।

संस्कृति और आस्था का प्रतीक है छठ महापर्व

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने सभी प्रदेशवासियों को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ का पर्व अनुशासन, कठिन तपस्या और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का एक अनुपम उदाहरण है। उगते और अस्ताचलगामी सूर्य दोनों को अर्घ्य देने का यह त्योहार हमें सिखाता है कि समाज में हर संघर्षशील व्यक्ति सम्मान का हकदार है। उन्होंने कहा कि यह पर्व उत्तराखंड और पूर्वांचल की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ने का काम करता है।

खटीमा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और सड़कों का विस्तार

प्रदेश सरकार के विकास संकल्प का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राज्य में ‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खटीमा को जलभराव और बाढ़ से मुक्ति दिलाने के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली ड्रेनेज योजना को मंजूरी मिल चुकी है, जिसका जल्द ही भूमि पूजन किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, खटीमा चौराहे से मेला घाट मार्ग पर हॉटमिक्स कार्य, मुख्य चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क का चौड़ीकरण और मजोला रोड से नानकसागर होते हुए 17 मील तक 34 करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि सिसैया, मेलघाट और नगला तराई जैसे सीमांत गांवों के लिए 12 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं, साथ ही भारामल बाबा मंदिर परिसर में जनसुविधाओं का विस्तार किया गया है।

शिक्षा और स्वास्थ्य ढांचे को मिल मजबूती

मुख्यमंत्री ने आगे जानकारी दी कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय का नया भवन बनकर तैयार हो चुका है। वहीं एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए केंद्रीय मंत्री द्वारा 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है। इसके अलावा स्थानीय अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट, आईटीआई और पॉलिटेक्निक संस्थाओं का सुदृढ़ीकरण तथा बाईपास निर्माण जैसे काम पूरे किए गए हैं। चकरपुर में वन चेतना मैदान और वनखंडी महादेव मंदिर परिसर को आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में संवारा जा रहा है।

विशिष्ट प्रतिभाएं हुईं सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले समिति के पदाधिकारियों और डॉक्टरों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, पूर्वांचल सेवा समिति अध्यक्ष ठाकुर अजय सिंह, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति समेत अनेक स्थानीय जन प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

spot_img

Related Articles

spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img

Latest Articles