भैया दूज के शुभ अवसर पर श्री केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए विधिपूर्वक बंद कर दिए गए हैं। रविवार की भोर में चार बजे से प्रारंभ हुई कपाट बंद करने की प्रक्रिया के तहत मुख्य पुजारी भीम शंकर लिंग ने भगवान केदारनाथ के ज्योर्तिलिंग को श्रृंगार रूप से समाधि दी।
कपाट बंदी के दौरान, श्रद्धालुओं की भारी संख्या ने बाबा केदार के जयकारों के साथ डोली के साथ धाम से विदाई दी। अब अगले छह महीनों तक बाबा के दर्शन ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में ही होंगे।
कपाट बंद होने के बाद, भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली तीर्थयात्रियों और सेना के बैंड की धुनों के साथ पहले पड़ाव रामपुर के लिए प्रस्थान कर गई।
जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित लोगों और संस्थाओं का आभार व्यक्त किया और अगले वर्ष यात्रा संचालन को और बेहतर बनाने का आश्वासन दिया।




